उत्तरकाशी में सहकारिता सप्ताह के दूसरे दिन गोष्ठी आयोजित
उत्तरकाशी, 30 जून 2026। केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को जिला मुख्यालय उत्तरकाशी में सहकारिता विभाग एवं उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लिमिटेड द्वारा एक गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में लघु सिंचाई सलाहकार समिति उत्तराखंड के उपाध्यक्ष जगत सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला सहायक निबंधक, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक, जिला सहकारी बैंक के सचिव/महाप्रबंधक, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं सहकारी बंधु मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि ने बैंक की मोबाइल एटीएम वैन को हरी झंडी दिखाकर विकासखंड स्तर पर आयोजित होने वाले सहकारिता सप्ताह कार्यक्रमों के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक नई सहकारी समितियों का गठन किया जाना चाहिए।
बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, जिनमें दीनदयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, भारत दर्शन योजना तथा मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना शामिल हैं, का व्यापक प्रचार-प्रसार कर किसानों एवं नागरिकों को लाभान्वित करने और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया।
जिला सहकारी बैंक के सचिव/महाप्रबंधक ने बताया कि सहकारिता मंत्रालय के गठन के बाद सहकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। बैंक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों तक आधुनिक और पारदर्शी बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने के लिए कार्य करता रहेगा।
इस दौरान नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक ने नाबार्ड की योजनाओं की जानकारी दी, जबकि जिला सहायक निबंधक ने विभागीय योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। कार्यक्रम में सहकारिता के विस्तार और जनसेवा को और प्रभावी बनाने पर विशेष चर्चा की गई।

0 टिप्पणियाँ