सहकारिता सप्ताह का उत्तरकाशी में भव्य आयोजन ,केसीसी वितरण, युवा संवाद और वृक्षारोपण सहित विभिन्न कार्यक्रम संपन्न ।

सहकारिता सप्ताह का जनपद उत्तरकाशी में हर्षोल्लास के साथ आयोजन

उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लि०, उत्तरकाशी एवं सहकारिता विभाग, उत्तरकाशी द्वारा सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के 05 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दिनांक 29 जून 2025 से 05 जुलाई 2025 तक जनपद उत्तरकाशी में सहकारिता सप्ताह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया।


सहकारिता सप्ताह की निर्धारित रूपरेखा के अनुसार प्रथम दिवस बैंक के नवीन सदस्यों तथा समितियों के नवनिर्वाचित अध्यक्षों एवं सदस्यों के साथ सहकारिता शपथ का वाचन एवं सामूहिक शपथ ग्रहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

द्वितीय दिवस को सहकारिता चौपाल, पैक्स परिवर्तन दिवस एवं जन-जागरूकता शिविर के रूप में मनाया गया। बैंक मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लघु सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्री जगत सिंह चौहान उपस्थित रहे। उन्होंने मोबाइल एटीएम वैन को हरी झंडी दिखाकर जनपद में आयोजित सहकारिता सप्ताह कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार हेतु रवाना किया। जनपद स्तर पर आयोजित चौपालों एवं बैठकों के माध्यम से राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई गई।

तृतीय दिवस कृषक सम्मान दिवस के रूप में मनाया गया, जिसमें बैंक एवं समितियों द्वारा सहकारी क्षेत्र से जुड़े कृषकों एवं सहकारी बंधुओं को व्यापक स्तर पर किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण वितरित किए गए।

चतुर्थ दिवस महिला एवं युवा सहकारी सम्मेलन के रूप में आयोजित किया गया। इस अवसर पर बैंक मुख्यालय द्वारा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, उत्तरकाशी में नुक्कड़ नाटक एवं छात्राओं के साथ सहकारी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैंक अधिकारियों ने छात्राओं को सहकारिता, बैंकिंग सेवाओं, साइबर सुरक्षा, यूपीआई, डीबीटी, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा वित्तीय साक्षरता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

पंचम दिवस पर समितियों द्वारा नवगठित प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्षों, सदस्यों एवं नवीन सदस्यों के साथ सहकारिता विषय पर सामूहिक चर्चा आयोजित की गई तथा सभी को सहकारिता के सिद्धांतों एवं उद्देश्यों से अवगत कराया गया।

षष्ठम दिवस को हरेला पर्व के अंतर्गत ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ वृहद वृक्षारोपण अभियान के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सिंह चौहान एवं सभासद श्री देवराज सिंह बिष्ट की उपस्थिति में शहीद पार्क, ज्ञानसू में विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। साथ ही बैंक की सभी शाखाओं एवं समितियों द्वारा अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

संपूर्ण सहकारिता सप्ताह कार्यक्रम बैंक के सचिव/महाप्रबंधक  मुकेश माहेश्वरी के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड श्री पारित गुप्ता द्वारा विशेष सहयोग प्रदान किया गया।

सहकारिता सप्ताह के दौरान आयोजित विविध कार्यक्रमों के माध्यम से सहकारिता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने तथा सामाजिक एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के प्रति जनजागरूकता विकसित करने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ