अंकिता भंडारी हत्याकांड के दोषियों को फांसी देने की मांग को लेकर पुरोला में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन । आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने किया भाजपा सरकार व पार्टी पदाधिकारियों का पुतला दहन।
पुरोला।
अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुरोला में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश में इस मामले को लेकर हाल में सामने आए घटनाक्रम से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और पार्टी पदाधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नगर के मुख्य चौराहे पर प्रदर्शन किया।
पूर्व प्रमुख लोकेंद्र रावत के नेतृत्व में एकत्रित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और दुष्यंत गौतम का पुतला दहन किया। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए गए।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए लोकेंद्र रावत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इस हत्याकांड में दोषियों को संरक्षण दे रही है और आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंकिता भंडारी को हर हाल में न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करती रहेगी और दोषियों को कटघरे में खड़ा कर सख्त सजा दिलाने का काम करेगी।
कांग्रेस नेत्री रेखा नोटियाल ने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में महिलाओं की अस्मिता सुरक्षित नहीं है और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। वहीं नरेश चौहान ने आरोप लगाया कि हत्याकांड में जिस कथित वीआईपी का नाम सामने आ रहा है, उसे जानबूझकर उजागर नहीं किया जा रहा है।
विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, ब्लॉक अध्यक्ष धीरेन्द्र नेगी, सेवा दल अध्यक्ष प्रीतम राणा, धर्मलाल, राजपाल रावत, प्रवीन ठाकुर, रेखा नोटियाल, सुभाष नेगी, जगदेव नेगी, भरत लाल, अजय भारती, नरेश चौहान, दरमियान पंवार, प्रमोद रावत, जगदीश गुसाईं, गोपाल कैंतुरा, ओपी रावत सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ