रक्षाबंधन पर पुरोला विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात
पुरोला, उत्तरकाशी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर पुरोला विधानसभा क्षेत्र की बहनों, बेटियों और युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सौगात मिली है। पुरोला विधायक दुर्गेश लाल ने बताया कि क्षेत्र में शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने का जो वादा उन्होंने जनता से किया था, उसे पूरा करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है।
विधायक ने बताया कि राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कफनौल, नौगांव को इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) स्तर पर तथा मोरी ब्लॉक के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लिवाड़ी को हाईस्कूल स्तर पर उच्चीकृत किए जाने की शासन से स्वीकृति मिल गई है।
विधायक दुर्गेश लाल ने कहा कि विद्यालयों के उच्चीकरण से क्षेत्र के बच्चों को अब अपने गांव और आसपास ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं तक गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए पुरोला विधानसभा क्षेत्र के समस्त क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विधायक दुर्गेश लाल ने इस स्वीकृति के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का आभार एवं धन्यवाद भी व्यक्त किया।

0 टिप्पणियाँ