उत्तरकाशी। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष-2025 के उपलक्ष में रामलीला मैदान, उत्तरकाशी में सहकारिता विभाग एवं उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक द्वारा आयोजित सात दिवसीय सहकारिता मेला (13 से 19 नवम्बर 2025) के चौथे दिन का कार्यक्रम उत्साह और सहभागिता से भरपूर रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रणवीर सिंह महन्त, प्रमुख विकासखण्ड चिन्यालीसौड़ उपस्थित रहे। वहीं अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में विजय सन्तरी, निदेशक, राष्ट्रीय आवास सहकारी संघ; रमेश सेमवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष उत्तरकाशी एवं बालशेखर नौटियाल ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रणधीर सिंह बिष्ट, निवर्तमान निदेशक, उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक द्वारा की गई।
लाभार्थियों को वितरित हुए चेक, किसानों को मिला सहयोग
मेले में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के अंतर्गत उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक द्वारा लाभार्थियों एवं किसानों को चेक वितरित कर वित्तीय सहायता प्रदान की गई। इस पहल से किसानों में विशेष उत्साह देखा गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन
रेणुका स्कूल मातली एवं गोस्वामी गणेशदत्त सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर दर्शकों का मन मोहा। जनपद के उभरते लोकगायक दिनेश नौटियाल की लोकधुनों ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए।
नाटक के माध्यम से जागरूकता
स्कूली बच्चों द्वारा वित्तीय साक्षरता, साइबर अपराध एवं रोजगार सृजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर नाटकों की प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।
अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रियंका घनसेला, जिला सहायक निबंधक; मुकेश माहेश्वरी, सचिव/महाप्रबंधक; पारित गुप्ता, जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड सहित सहकारिता विभाग, उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक तथा विभिन्न सहकारी समितियों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



0 टिप्पणियाँ