देहरादून, 3 अक्टूबर।
भाजपा ने कोलंबिया में राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी विदेश में हमेशा भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था, सेना, न्यायपालिका, संविधान और सनातन पर हमले करते हैं और देश की छवि धूमिल करने का काम करते हैं।
भट्ट ने कहा कि “राहुल गांधी विदेश गुप्त यात्राओं पर जाते हैं और जब भी खुले मंच पर बोलते हैं तो केवल भारत और उसकी संस्थाओं को निशाना बनाते हैं। वे अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देशों से हमारे आंतरिक मामलों में दखल की मांग कर भारत का अपमान कर चुके हैं। नेता प्रतिपक्ष होते हुए भी वे देश में लोकतंत्र न होने का झूठा आरोप लगाते हैं।”
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी की मूल समस्या सत्ता प्राप्ति की लालसा है, लेकिन जनता बार-बार उन्हें नकार रही है। जनता के फैसलों से सबक लेने और आत्ममंथन करने के बजाय वे पूरी लोकतांत्रिक व्यवस्था को बदनाम करने पर आमादा हैं।
भट्ट ने तंज कसते हुए कहा कि “राहुल गांधी LOP (लीडर ऑफ अपोजीशन) की भूमिका निभाने के बजाय LOP यानी ‘लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा’ की नई परिभाषा गढ़ रहे हैं। विदेश में भारत की छवि बिगाड़ने की उनकी कोशिशें यह साबित करती हैं कि वे राष्ट्रहित से ऊपर केवल अपनी राजनीति को प्राथमिकता देते हैं।”
उन्होंने कहा कि देश की स्वाभिमानी और राष्ट्रभक्त जनता इन सभी गतिविधियों को बखूबी देख रही है और सही समय पर लोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस को करारा जवाब देगी।

0 टिप्पणियाँ