“महिला एवं युवा सहकारी सम्मेलन में छात्राओं को वित्तीय साक्षरता और साइबर सुरक्षा का पाठ” । .उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक ने छात्राओं को किया वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक । साइबर फ्रॉड से बचाव और बैंकिंग ज्ञान पर छात्राओं से संवाद ।

 उत्तरकाशी 02 जुलाई 2026 ।

 सहकारिता मंत्रालय के 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सहकारिता सप्ताह (29 जून 2026 से 05 जुलाई 2026) के चतुर्थ दिवस “महिला एवं युवा सहकारी सम्मेलन” के अंतर्गत उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, उत्तरकाशी द्वारा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, उत्तरकाशी में नुक्कड़ नाटक एवं सहकारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का शुभारम्भ बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक  मुकेश माहेश्वरी द्वारा छात्राओं को सहकारी बैंक की कार्यप्रणाली एवं महत्व की जानकारी देकर किया गया। इसके उपरांत साइबर सुरक्षा एवं वित्तीय धोखाधड़ी (फाइनेंशियल फ्रॉड) विषय पर छात्राओं के साथ विस्तृत चर्चा की गई।


जिला विकास प्रबंधक पारित गुप्ता ने बैंकों की आवश्यकता, उनकी भूमिका तथा बैंकिंग कार्यप्रणाली की जानकारी दी। वहीं जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक  ब्रह्मानन्द सिंह ने वित्तीय समावेशन, विभिन्न प्रकार के बैंक खातों, यूपीआई, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।

बैंक के आईटी विशेषज्ञ  सुरेन्द्र शिवहरे ने छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपायों एवं संचार साथी पोर्टल की उपयोगिता से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान सृष्टि सामाजिक संस्थान द्वारा जागरूकता आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर छात्राओं को वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्य ने छात्राओं को वित्तीय समावेशन, बैंकिंग सेवाओं तथा वित्तीय एवं साइबर धोखाधड़ी से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के लिए उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सहकारिता विभाग के एडीसीओ  संजय रजवार,  भारत सिंह,  ज्योति प्रसाद जोशी तथा बैंक के प्रबंधक  अखिलेश कुमार,  शिवराज सिंह मियां एवं  मृणाल चौहान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ