उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी के रंवाल्टा समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा दिए जाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपते हुए रंवाल्टा समुदाय को एसटी सूची में शामिल करने की मांग उठाई है।
![]() |
| AI Genrated image |
ज्ञापन में कहा गया है कि सीमांत जनपद उत्तरकाशी की पुरोला, मोरी और नौगांव तहसील में निवास करने वाला रंवाल्टा समुदाय वर्षों से अपनी विशिष्ट संस्कृति, भाषा, परंपराओं और सामाजिक व्यवस्था के साथ जीवन यापन कर रहा है। समुदाय की सांस्कृतिक पहचान अन्य जनजातीय समुदायों के समान होने के बावजूद आज तक उन्हें अनुसूचित जनजाति का दर्जा नहीं मिल पाया है।
रमेश चौहान ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि रंवाल्टा समुदाय लंबे समय से एसटी दर्जे की मांग कर रहा है, जिससे उनकी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक विकास को संरक्षण मिल सके। उन्होंने सरकार से इस दिशा में सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया।
इस मांग को लेकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष पवन नौटियाल तथा मंडल महामंत्री शिशपाल रावत ने जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रंवाल्टा समुदाय के हितों के लिए यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी और सरकार को इस विषय पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

0 टिप्पणियाँ