पुरोला विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने एवं मिशन 2027 की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पहली बार बड़ी संख्या में कांग्रेसी एक मंच पर एकजुट दिखाई दिए। कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस नेता प्रकाश चन्द ने किया, जहां उन्होंने मिशन 2027 को लेकर मजबूती से ताल ठोकते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक राजेन्द्र चौहान तथा प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित विभाग उत्तराखण्ड मदन लाल उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम संयोजक एवं मिशन 2027 के संभावित उम्मीदवार प्रकाश चन्द उपाध्यक्ष कांग्रेस पार्टी अनुसूचित विभाग उत्तराखण्ड सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अनुसूचित विभाग एवं एसी प्रकोष्ठ से जुड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
बैठक के दौरान एसी प्रकोष्ठ से जुड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिशन 2027 के लिए प्रकाश चन्द को पुरोला विधानसभा से प्रबल दावेदार बताया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि प्रकाश चन्द लंबे समय से गांव, गरीब, युवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं, जिससे क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।
कार्यक्रम में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान तथा आगामी चुनावी रणनीति को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संगठन की मजबूती और मिशन 2027 को सफल बनाने का संकल्प लिया।
हालांकि कार्यक्रम में पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय रही। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं में उत्साह और एकजुटता साफ दिखाई दी, जिससे पुरोला विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन की सक्रियता बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ