मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा, 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम सूची

 उत्तरकाशी: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा, 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम सूची

उत्तरकाशी, 17 मई। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से एआरओ, एईआरओ एवं नोडल/सहायक नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों एवं कार्यक्रमों की जानकारी साझा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए।


बैठक में बताया गया कि 29 मई से 7 जून 2026 तक प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग कार्य संपन्न किया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन एवं गणना प्रपत्र भरने का कार्य करेंगे। मतदान केंद्रों का युक्तिकरण 7 जुलाई तक तथा मतदाता सूची के मसौदे का प्रकाशन 14 जुलाई तक किया जाएगा।

दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक निर्धारित की गई है, जबकि नोटिस चरण, दावों के निपटान एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 14 जुलाई से 11 सितंबर तक चलेगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों एवं जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाने के निर्देश देते हुए कहा कि पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने बीएलओ के साथ आईटी वॉलिंटियर्स की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा, ताकि फील्ड स्तर पर डाटा संकलन एवं सत्यापन कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गणना प्रपत्रों का वितरण, मतदाताओं के पहचान एवं नागरिकता संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन तथा नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी की जाए।

वर्चुअल बैठक में एडीएम मुक्ता मिश्रा, एसडीएम देवानंद शर्मा, शालिनी नेगी, मुकेशचंद रमोला, बृजेश तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र अमोली तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा सहित नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ