आज का बाजार; सोना-चांदी लुढ़का, शेयर बाजार भी दबाव में । डॉलर में तेजी बरकरार। आईटी इंडेक्स मे नहीं थम रही गिरावट । बैंकिंग शेयरों में सुस्ती ।

सोना-चांदी लुढ़का, शेयर बाजार भी दबाव में

नई दिल्ली/देहरादून। वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों और निवेशकों की बिकवाली के चलते शुक्रवार को सर्राफा बाजार के साथ-साथ शेयर बाजार में भी गिरावट का रुख देखने को मिला। कीमती धातुओं की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई, वहीं आईटी सेक्टर की कमजोरी से सेंसेक्स और निफ्टी भी लाल निशान में ट्रेड कर रहे है ।


सर्राफा बाजार में आज सोने के दामों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। 24 कैरेट सोना लगभग ₹1,55,000 प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार करता नजर आया, जबकि 22 कैरेट सोना करीब ₹1,42,000 प्रति 10 ग्राम पर रहा। वहीं चांदी के भाव भी फिसलकर करीब ₹2,37,000 प्रति किलोग्राम के आसपास पहुंच गए। कारोबारियों के अनुसार पिछले सत्र की तुलना में सोना हजारों रुपये सस्ता हुआ है और चांदी में भी भारी गिरावट आई है।

विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर की मजबूती, मुनाफावसूली और वैश्विक निवेशकों के सतर्क रुख का असर सीधे भारतीय बाजार पर पड़ा है। शादी-विवाह के सीजन से पहले कीमतों में आई गिरावट से खरीदारों में हलचल जरूर बढ़ी है, लेकिन निवेशक फिलहाल सतर्क बने हुए हैं।

उधर शेयर बाजार में भी कमजोरी देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स करीब 82,900 के आसपास और निफ्टी 50 लगभग 25,600 के नीचे कारोबार कर रहा है। आईटी कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली से बाजार पर दबाव बन रहा है, जिसके कारण बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में भी सुस्ती देखी जा रही है ।

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक आर्थिक आंकड़ों, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और टेक सेक्टर में कमजोरी के चलते फिलहाल बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। निवेशकों को सावधानी के साथ निवेश करने की सलाह दी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ