देहरादून में दिनदहाड़े हत्या — गैस एजेंसी मालिक को तिब्बती मार्केट के पास मारी गोली

 🔴 देहरादून में दिनदहाड़े हत्या — गैस एजेंसी मालिक अर्जुन शर्मा को तिब्बती मार्केट के पास मारी गोली

देहरादून। राजधानी देहरादून के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल तिब्बती मार्केट क्षेत्र बुधवार सुबह उस समय दहशत में आ गया, जब स्कूटी सवार दो बदमाशों ने गैस एजेंसी संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।


मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह लगभग 10:30 बजे तिब्बती मार्केट के पास अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन शर्मा को अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाया। गोली लगने के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली डालनवाला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अर्जुन शर्मा को तत्काल दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि अर्जुन शर्मा, निवासी इंदिरा नगर (थाना बसंत विहार), जीएमएस रोड स्थित अपनी गैस एजेंसी संचालित करते थे। वे रोजाना परेड ग्राउंड के सामने टेनिस खेलने जाते थे। आज भी टेनिस खेलकर घर लौटते समय पहले से घात लगाए स्कूटी सवार दो युवकों ने उन पर गोली चला दी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक व्यवसाय को लेकर विवाद की बात सामने आई है। जानकारी यह भी मिली है कि मृतक की मां ने पूर्व में उच्च न्यायालय में बेटे से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की थी। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।

घटना के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कई टीमें गठित कर दी गई हैं और पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की तलाश जारी है।

फिलहाल हत्या के पीछे की साजिश और हमलावरों की पहचान को लेकर पुलिस गहन जांच में जुटी हुई है

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ