दिल्ली में टिहरी राजपरिवार व सांसद माला राज्य लक्षमी शाह का शाही बंगला बिकने की खबर । मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इसकी कीमत लगभग 1000 करोड़ रुपये । राजपरिवार या संभावित खरीदार की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं ।

 दिल्ली में टिहरी राजपरिवार का शाही बंगला बिकने की खबर

नई दिल्ली/देहरादून। राजधानी दिल्ली के प्रतिष्ठित लुटियंस क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। टिहरी गढ़वाल रियासत के राजपरिवार का ऐतिहासिक शाही बंगला बिकने की चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि टिहरी राजपरिवार के वर्तमान महाराजा मनुजेंद्र शाह भगवान दास रोड स्थित अपनी निजी कोठी को बेचने की तैयारी में हैं।


करीब 3.2 एकड़ क्षेत्र में फैली यह विशाल संपत्ति दिल्ली की सबसे महंगी प्रॉपर्टीज में गिनी जाती है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इसकी कीमत लगभग 1000 करोड़ रुपये के आसपास आंकी जा रही है और एक बड़े कारोबारी समूह के साथ सौदे की बातचीत अंतिम चरण में बताई जा रही है।

यह वही ऐतिहासिक निवास है जिसे वर्षों से “टिहरी हाउस” के नाम से जाना जाता रहा है। उत्तराखंड के लोगों के लिए इसका विशेष भावनात्मक महत्व भी रहा है, क्योंकि टिहरी रियासत के शासकों का दिल्ली में यही प्रमुख शहरी निवास रहा है।

हालांकि इस खबर के बाद सोशल मीडिया पर यह भ्रम भी फैल गया कि दिल्ली स्थित उत्तराखंड सरकार का ‘गढ़वाल भवन’ या सरकारी गेस्ट हाउस बेचा जा रहा है, लेकिन ऐसा नहीं है। बिक्री की चर्चा केवल टिहरी राजपरिवार की निजी संपत्ति को लेकर है, राज्य सरकार की किसी भी संपत्ति से इसका कोई संबंध नहीं है।

फिलहाल राजपरिवार या संभावित खरीदार की ओर से आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है, लेकिन देश की सबसे महंगी रियल एस्टेट डील्स में से एक होने के कारण यह मामला सुर्खियों में बना हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ