श्री कपिल मुनि खंडासूरी महाराज मंदिर में शिखर कलश स्थापना सम्पन्न । भगवान कपिल मुनि सांख्य दर्शन के प्रणेता एवं भगवान विष्णु के अवतार ।

श्री कपिल मुनि खंडासूरी महाराज मंदिर में शिखर कलश स्थापना सम्पन्न

पुरोला (उत्तरकाशी)। रंवाई घाटी के आराध्य इष्टदेव श्री कपिल मुनि खंडासूरी महाराज के भव्य मंदिर में शिखर कलश स्थापना का पावन कार्यक्रम मूल थान ग्राम गुंदियाटगांव में श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में गुंदियाटगांव, रौन, छानिका, डिकाल, अन्दुणी सहित आसपास के अनेक गांवों के श्रद्धालुओं ने भाग लिया।


वेद मंत्रों की पवित्र ध्वनि और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मंदिर के शिखर पर कलश एवं धर्मध्वजा स्थापित की गई। इस शुभ अवसर पर दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त एवं ध्याणी दर्शन के लिए पहुंचे। कलश एवं ध्वजा स्थापना के पश्चात मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर स्थानीय विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कलश स्थापना कार्यक्रम में शामिल होकर ईष्ट देवताओ के दर्शन लिए। उन्होंने इष्टदेव से सभी जनमानस की खुशहाली के लिए प्रार्थना की व आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मंदिर समिति द्वारा विधायक दुर्गेश्वर लाल को सम्मानित कर स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

मान्यता है कि भगवान कपिल मुनि सांख्य दर्शन के प्रणेता एवं भगवान विष्णु के अवतार थे। उन्होंने सांख्य ज्ञान के माध्यम से अपनी माता देवहूति का उद्धार किया। भागवत महापुराण के अनुसार, इंद्रदेव द्वारा यज्ञ का घोड़ा कपिल मुनि के आश्रम में बांध दिए जाने के बाद राजा सगर के साठ हजार पुत्र वहां पहुंचे और उन्होंने कपिल मुनि पर आरोप लगाया। इससे क्रोधित होकर कपिल मुनि ने अपनी योगाग्नि से उन्हें भस्म कर दिया। बाद में राजा सगर के वंशज भगीरथ ने कठोर तपस्या कर गंगा को पृथ्वी पर अवतरित कराया, जिसके पवित्र जल और कपिल मुनि की कृपा से उन आत्माओं को मुक्ति प्राप्त हुई।

श्रद्धालुओं का विश्वास है कि भगवान कपिल मुनि महाराज के दर्शन एवं कृपा से ज्ञान, योग, आध्यात्मिक उन्नति तथा समस्त मनोकामनाओं की पूर्ति होती है।

इस अवसर पर कपिल मुनि खंडासूरी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राधेश्याम विजलवाण, सचिव मानवेंद्र पंवार, आचार्य लोकेश बड़ोनी, पूर्व प्रधान दीपक नोटियाल, पूरण नोटियाल, सत्येंद्र राणा, प्रधान रौन राजेश विजलवाण, ग्राम प्रधान कमलू आर्य, शंभू नोटियाल, कमलनयन नोटियाल, शूरवीर राणा, नितिन पंवार सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं भक्त उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ