देहरादून, 10 मई। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सक्षम समाज से समर्थ राष्ट्र निर्माण का अनंत आंदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि उनका लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज का विश्वास जीतना भी होना चाहिए।
राजधानी देहरादून के पटेल नगर में आयोजित भाजपा देहरादून महानगर के प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए उन्होंने बदलती परिस्थितियों में मीडिया समन्वय की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है, लेकिन उसकी वास्तविक शक्ति सामाजिक समन्वय और राष्ट्रहित की भावना में निहित है।
उन्होंने कहा कि जब भाजपा चुनावी राजनीति में बहुत मजबूत नहीं थी, तब भी उसके कार्यकर्ता समाज में जागरूकता और संगठनात्मक समन्वय का कार्य करते रहे। आज प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश विकसित भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन विपक्ष और कुछ नकारात्मक तत्व जनता के विश्वास को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं।
मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सकारात्मक कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने में मीडिया और सोशल मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सत्य, सकारात्मकता और संगठनात्मक अनुशासन के साथ संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आज का युग विचार और सूचना की शक्ति का युग है। सोशल मीडिया के फेसबुक, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम, एक्स और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म संवाद की ताकत को कई गुना बढ़ा चुके हैं। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता केवल संगठन का सदस्य नहीं, बल्कि संवाद दूत की भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने डिजिटल अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि एक गलत सूचना समाज में भ्रम फैला सकती है और असंयमित भाषा संगठन की छवि को नुकसान पहुँचा सकती है। इसलिए सोशल मीडिया पर संयमित और तथ्यात्मक संवाद बेहद आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से केवल प्रतिक्रिया की राजनीति नहीं, बल्कि सकारात्मक राजनीति का संदेश समाज तक पहुँचना चाहिए। मीडिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और उसके साथ स्वस्थ एवं विश्वासपूर्ण संबंध बनाए रखना संगठन की जिम्मेदारी है।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि अफवाहों के दौर में सत्य और संयम सबसे बड़ी शक्ति है। भाजपा कार्यकर्ताओं को मीडिया और सोशल मीडिया के सभी माध्यमों का उपयोग राष्ट्रहित और समाजहित में करते हुए जनता का विश्वास मजबूत करना चाहिए।

0 टिप्पणियाँ