उत्तराखंड STF की नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई। 3.10 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार । STF एंटी नार्कोटिक्स यूनिट की करीब दो वर्षों से आरोपी की गतिविधियों पर थी नजर ।

 किच्छा से 3.10 करोड़ की हेरोइन बरामद, कुमाऊं का बड़ा सप्लायर गिरफ्तार

देहरादून।

STF की एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट और किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए किच्छा के आज़ाद नगर चौकी क्षेत्र से नशा तस्कर सहनवाज उर्फ मामू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 33 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3.10 करोड़ रुपये आंकी गई है।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान सहनवाज पुत्र इस्तेखार (उम्र 36 वर्ष), निवासी बहेड़ी के रूप में हुई है। पूछताछ में सहनवाज ने बताया कि वह यह हेरोइन बरेली निवासी भइया नामक व्यक्ति से खरीदता था और इसे हरजिंदर नामक व्यक्ति को सप्लाई करने जा रहा था।

पुलिस के अनुसार सहनवाज उर्फ मामू कुमाऊं क्षेत्र में हेरोइन का बड़ा सप्लायर माना जाता है। ड्रग पैडलरों के बीच इसके द्वारा सप्लाई की जाने वाली हेरोइन की काफी मांग थी। बताया जा रहा है कि इसकी सप्लाई की जाने वाली हेरोइन उच्च शुद्धता की होती थी, इसी कारण यह कुमाऊं क्षेत्र के नशा तस्करों की पहली पसंद बनी हुई थी।

STF एंटी नार्कोटिक्स यूनिट बीते करीब दो वर्षों से आरोपी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। सहनवाज ने यह भी बताया कि बरेली से अक्सर भइया की ओर से एक युवक हेरोइन की डिलीवरी देने आता था, जिसका नाम उसे ज्ञात नहीं है। हालांकि, आरोपी ने उपलब्ध कराई गई तस्वीरों के आधार पर उस सप्लायर की पहचान की है।

STF की एंटी नार्कोटिक्स टीम द्वारा भइया और उसके डिलीवरी एजेंट की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ