पूर्व अध्यक्ष नड्डा की मौजूदगी में होगी नई भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की पहली बैठक । प्रत्याशी चयन पर भाजपा स्पष्ट, जीत की संभावना होगी आधार ।

 *प्रैस विज्ञप्ति* 


 पूर्व अध्यक्ष नड्डा की मौजूदगी में होगी नई भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की पहली बैठक: भट्ट


  संगठनात्मक गतिविधियों और 27 की चुनावी रणनीति पर होगा विचार 


 प्रत्याशी चयन पर भाजपा स्पष्ट, जीत की संभावना होगी आधार: भट्ट


देहरादून 9 फरवरी। भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि नई संगठनात्मक रचना के बाद भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की पहली बैठक 14 फरवरी को पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे पी नड्डा के नेतृत्व में होने जा रही है। जिसमें पार्टी गतिविधियों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और सरकारी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर विमर्श किया जाएगा। वहीं सर्वे रिपोर्ट के आधार पर चर्चा हो रही है और सभी को अपनी विधानसभा में फोकस करने के निर्देश दिए गए हैं।  साथ ही स्पष्ट किया कि प्रत्याशी चयन का आधार, जीत की संभावना ही रहने वाला है।






पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने जानकारी दी कि सांगठनिक टीम के गठन के बाद नई प्रदेश कोर कमेटी की बैठक 14 फरवरी को होगी। जिसमें पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जगत प्रसाद नड्डा के मार्गदर्शन में आगामी राजनीतिक चुनौतियां एवं सांगठनिक प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि बैठक में पार्टी के वर्तमान और भविष्य में शुरू होने वाले कार्यक्रमों की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। जिसमें संगठन की गतिविधियों के साथ, किस तरह केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां को भी समाहित किया जाए, इस पर चर्चा होगी। साथ ही चुनावी वर्ष को देखते हुए, जनता के मध्य डबल इंजन सरकार के कार्यों को पहुंचाने हेतु विधानसभा स्तर पर विकास रथ चलाए जाने भी प्रस्तावित हैं। उनके संदर्भ में रूपरेखा तैयार करने और जिम्मेदारियां निश्चित करने पर भी अंतिम विमर्श किया जाएगा। इसी तरह 2027 के चुनाव से पहले किन मुद्दों और किस तरह जनता के मध्य पार्टी अपनी बात पहुंचनी है, उसकी रणनीतिक तैयारियों को भी फाइनल किया जाना है। 


 एक अन्य सवाल का ज़बाब देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया, जीत की संभावना ही प्रत्याशी चयन का आधार बनने वाली है। लिहाजा सभी विधायकों एवं अन्य नेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वह स्वयं को राजनीतिक रूप से अपनी विधानसभा में ही केंद्रित करें। जिसके तहत सभी को प्रयास करने हैं कि सरकार के काम और संगठन की सक्रियता अपने अपने क्षेत्र में अधिक हो ताकि जीत की संभावनाएं पहले से ज्यादा प्रबल हों। इस संबंध में जो 2 राज्य और 2 केंद्र, कुल 4 सर्वे में से 1 सर्वे की रिपोर्ट हमारे सामने है। जिसमें हम पहले से अधिक सीटें जीतने की स्थिति में नजर आ रहे हैं। इससे अलग सर्वे रिपोर्ट के अन्य आधार पर सभी जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को जानकारी दी जा रही है और सुधार की अपेक्षा की गई है। कुल मिलाकर, प्रत्याशी चयन का आधार जीत की संभावना ही होने वाला है। 


विपक्ष के महापंचायत पर 


महापंचायत को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में, इसे पूरी तरह से मुद्दों और संख्या की दृष्टि से फ्लॉप करार दिया। उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों को लेकर सरकार पीड़ित परिवार की भावना अनुसार कार्रवाई कर चुकी है उस पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रदेश की जनता ने देखा कि सामाजिक आंदोलन की आड़ में किस तरह वहां राजनीतिक पार्टी के झंडों में होड़ मची थी। वही आम लोगों की भागीदारी पर बात करें तो सामान्य जनता ने इससे पूरी तरह दूरी बनाई हुई थी। पंचायत में जितने लोगो ने शिरकत की उससे कई अधिक विपक्षी लोग तो आज भाजपा में शामिल होने पार्टी मुख्यालय पहुंचे थे। जनता विपक्ष की चुनावी राजनैतिक प्रपंच को अच्छी तरह देख समझ रही है और 27 के चुनाव में फिर से करारा सबक सिखाएगी।

*

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ