किशोरी के साथ छेड़ छाड के आरोपी बेटे को पूछताछ के लिए थाने बुलाया तो मोबाइल टावर पर चढ़ गई मां, रुद्रपुर में मचा हड़कंप
त्रिशूल चौक पर करीब ढाई घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, पुलिस और दमकल की टीम ने महिला को सुरक्षित उतारा; महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अचानक त्रिशूल चौक के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। महिला ने टावर से नीचे कूदने की धमकी भी दी, जिससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब ढाई घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद संयुक्त रेस्क्यू अभियान के जरिए महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बेटे पर किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप
जानकारी के अनुसार, महिला मूल रूप से बागेश्वर जिले की रहने वाली है और वर्तमान में दिनेशपुर क्षेत्र के जगतपुरी में रहती है। महिला के बेटे पर एक किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद दिनेशपुर पुलिस ने पूछताछ के लिए उसके बेटे को थाने बुलाया था।
बताया जा रहा है कि बेटे को थाने से नहीं छोड़े जाने से नाराज होकर महिला ने यह कदम उठाया। वह रुद्रपुर पहुंची और त्रिशूल चौक के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना के बाद पुलिस ने महिला रेखा गोस्वामी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 226 और 285 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, महिला के इस कदम से सार्वजनिक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है। वहीं, नाबालिग पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी जा रही है।

0 टिप्पणियाँ