बद्रीनाथ में छह माह तक चरस जुटाते रहे दो तस्कर, हापुड़ में खपाने की थी तैयारी; 1.586 किलो चरस के साथ गिरफ्तार
चमोली पुलिस ने पोखरी बैंड पर चेकिंग के दौरान दबोचे दोनों अंतरराज्यीय तस्कर, तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा रुमियन कार भी सीज
चमोली। जनपद को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत चमोली पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.586 किलोग्राम अवैध चरस के साथ उत्तर प्रदेश के हापुड़ निवासी दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा रुमियन कार को भी सीज कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर 22 नवंबर 2026 को थानाध्यक्ष गोपेश्वर नवनीत भण्डारी के नेतृत्व में पुलिस टीम पोखरी बैंड क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की संदिग्ध टोयोटा रुमियन कार संख्या UP37 AA 5480 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 1.586 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
बद्रीनाथ में छह महीने तक जुटाई चरस, हापुड़ में बेचने की थी योजना
पुलिस पूछताछ में तस्करी के इस नेटवर्क को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त अर्जुन सिंह पिछले करीब छह महीने से बद्रीनाथ क्षेत्र में एक आश्रम निर्माण संस्था से जुड़ा था और वहां आश्रम की देखरेख करता था। इसी दौरान उसने स्थानीय लोगों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस खरीदकर एकत्रित की।
इसके बाद उसने अपने साथी विकास शर्मा को हापुड़ से बद्रीनाथ बुलाया। पूछताछ में पता चला कि विकास इससे पहले भी एकत्रित चरस को बेचने के लिए हापुड़ ले जा चुका था। दोनों कुछ दिन बद्रीनाथ में साथ रहे और बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद 22 नवंबर को कार से हापुड़ के लिए रवाना हुए।
पुलिस के मुताबिक, दोनों मुख्य हाईवे के बजाय चोपता होते हुए लिंक मार्ग से निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पोखरी बैंड पर पुलिस की चेकिंग में उनकी योजना नाकाम हो गई और दोनों चरस के साथ पकड़े गए।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
* विकास शर्मा (35 वर्ष) पुत्र रामकुमार शर्मा, निवासी ग्राम बाबूगढ़, माता मोहल्ला, थाना बाबूगढ़, जिला हापुड़, उत्तर प्रदेश।
* अर्जुन सिंह (40 वर्ष) पुत्र सूरज पाल सिंह, निवासी 61 चक्र सेनेपुर, थाना बाबूगढ़, जिला हापुड़, उत्तर प्रदेश।
बरामदगी के आधार पर कोतवाली गोपेश्वर में मुकदमा अपराध संख्या 32/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष नवनीत भण्डारी, कांस्टेबल सुनील चन्द्र, रविन्द्र, चालक कांस्टेबल प्रदीप कुकरेती तथा एसओजी के कांस्टेबल आशुतोष तिवारी और राजेन्द्र रावत शामिल रहे।
चमोली पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। बद्रीनाथ जैसे धार्मिक क्षेत्र में चरस एकत्रित कर दूसरे राज्य में खपाने की कोशिश का खुलासा नशा तस्करी के बढ़ते नेटवर्क पर गंभीर सवाल भी खड़े करता है।

0 टिप्पणियाँ