नौगांव में किसान ऋण मेला-2026 का आयोजन, 304 लाभार्थियों को ₹2.74 करोड़ से अधिक के ऋण वितरित
किसानों, युवाओं और ग्रामीण उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सहकारी बैंक की प्राथमिकता : शारदा राणा
नौगांव (उत्तरकाशी)। उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लिमिटेड एवं सहकारिता विभाग उत्तरकाशी की ओर से शुक्रवार, 27 नवंबर को विकासखंड परिसर नौगांव में किसान ऋण मेला-2026 का भव्य आयोजन किया गया। मेले में क्षेत्र के किसानों, ग्रामीण उद्यमियों और अन्य लाभार्थियों को बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी देने के साथ आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष श्याम डोभाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, पूर्व विधायक मालचंद, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येंद्र राणा, जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष शारदा राणा एवं उपाध्यक्ष हरिमोहन सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं के अंतर्गत कुल 304 कृषकों एवं लाभार्थियों को 274.82 लाख रुपये (2 करोड़ 74 लाख 82 हजार रुपये) के चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष शारदा राणा ने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि किसानों, व्यापारियों, युवाओं और आम नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। बैंक ऋण वितरण प्रणाली को सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्य अतिथि श्याम डोभाल ने जिला सहकारी बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसान ऋण मेले जैसे आयोजन आमजन को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ऋण मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों, व्यापारियों, लघु उद्यमियों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों को बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें सरल एवं सुलभ बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना रहा। इसके साथ ही सरकार की ओर से संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री भाजपा परशुराम जडूड़ी, अमित परमार, विशालमणि डिमरी, कल्पना डोभाल, जयेंद्र सिंह राणा, वर्षा राणा सहित विकासखंड नौगांव की विभिन्न सहकारी समितियों के पदाधिकारी, बैंक एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में बैंक अध्यक्ष शारदा राणा ने सभी अतिथियों, किसानों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए बैंक की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

0 टिप्पणियाँ