पीड़ित परिवारों तक जल्द पहुंचाई जाएगी राशन, रजाई और अन्य आवश्यक सामग्री, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी के मोरी विकासखंड स्थित पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड से कई आवासीय भवनों को हुए नुकसान पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने अग्निकांड से प्रभावित सभी 39 परिवारों को आर्थिक सहायता देने के साथ ही राशन, रजाई एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने की घोषणा की है।
घटना की जानकारी मिलते ही दीपक बिजल्वाण ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी से दूरभाष पर वार्ता कर अग्निकांड की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्र में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने, प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा जरूरत के अनुसार चिकित्सा एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया। साथ ही नुकसान का शीघ्र आकलन कर पीड़ित परिवारों को नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।
दीपक बिजल्वाण ने कहा कि पवाणी गांव में हुई यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना हम सभी की जिम्मेदारी है। उनकी ओर से दी जा रही आर्थिक सहायता पीड़ित परिवारों के इस गहरे दुःख और मानसिक पीड़ा को कम करने की दिशा में एक छोटी-सी मदद मात्र है।
उन्होंने कहा कि उनकी पूरी टीम इस घटना से बेहद दुःखी है और सभी 39 प्रभावित परिवारों की मदद के लिए तत्पर है। उनकी टीम जल्द ही गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों को राशन, रजाई और अन्य जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और हरसंभव सहायता जारी रखी जाएगी।

0 टिप्पणियाँ