बर्निगाड़ में विकास योजनाओं की सौगात, CM धामी ने 217 करोड़ से अधिक के कार्यों का किया शिलान्यास-लोकार्पण । पुरोला विधानसभा क्षेत्र में सड़क, सिंचाई और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं को मिलेगी गति ।

 

बर्निगाड़ में विकास योजनाओं की सौगात, CM धामी ने 217 करोड़ से अधिक के कार्यों का किया शिलान्यास-लोकार्पण

पुरोला विधानसभा क्षेत्र में सड़क, सिंचाई और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं को मिलेगी गति

बर्निगाड़/उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरोला विधानसभा क्षेत्र के बर्निगाड़ में आयोजित जन सेवा शिविर के दौरान क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए 215 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इन योजनाओं से क्षेत्र में सड़क संपर्क, सिंचाई और शिक्षा सहित बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।


कार्यक्रम के दौरान 194 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत के 30 कार्यों का शिलान्यास किया गया। इनमें लोक निर्माण विभाग पुरोला के 6 करोड़ रुपये के 5 कार्य, लोक निर्माण विभाग बड़कोट के 6 करोड़ 61 लाख रुपये के 4 कार्य, पीएमजीएसवाई खंड पुरोला के 176 करोड़ 87 लाख रुपये के 18 कार्य तथा सिंचाई खंड पुरोला के 5 करोड़ 12 लाख रुपये के 3 कार्य शामिल हैं।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 22 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत के 8 कार्यों का लोकार्पण भी किया। इनमें लोक निर्माण विभाग बड़कोट का 97 लाख रुपये का एक कार्य, समग्र शिक्षा के 1 करोड़ 25 लाख रुपये के तीन कार्य, माध्यमिक शिक्षा विभाग का 1 करोड़ 36 लाख रुपये का एक कार्य और पीएमजीएसवाई खंड पुरोला के 18 करोड़ 76 लाख रुपये के तीन कार्य शामिल हैं।

इन विकास योजनाओं से पुरोला विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं के विस्तार, ग्रामीण संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण, सिंचाई व्यवस्था में सुधार और शैक्षिक बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की संभावना है। अब इन योजनाओं का वास्तविक लाभ क्षेत्र की जनता तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना संबंधित विभागों के लिए अहम होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ