सोमेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार की मांग को लेकर महिलाओं का बड़ा ऐलान, 2027 के विधानसभा चुनाव में मतदान बहिष्कार की चेतावनी
मोरी (उत्तरकाशी)। विकासखंड मोरी की ग्राम पंचायत जखोल में श्री सोमेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार की मांग को लेकर महिला ग्राम संगठन ने बड़ा फैसला लिया है। मंदिर के जीर्णोद्धार से संबंधित मामला दो वर्षों से नैनीताल हाईकोर्ट में लंबित होने और सरकार की ओर से सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान बहिष्कार की चेतावनी दी है।
रविवार, 28 सितंबर 2026 को श्री सोमेश्वर महादेव मंदिर परिसर में महिला ग्राम संगठन जखोल की अध्यक्ष मीना रावत की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में लगभग 200 महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान मंदिर के जीर्णोद्धार के मुद्दे पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।
महिलाओं का कहना है कि श्री सोमेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार से संबंधित मामला पिछले दो वर्षों से नैनीताल हाईकोर्ट में चल रहा है, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से इस मामले में कोई सुनवाई नहीं हुई है। मंदिर के जीर्णोद्धार में हो रही देरी को लेकर महिलाओं में नाराजगी है।
बैठक में महिलाओं ने निर्णय लिया कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सरकार की ओर से मंदिर के जीर्णोद्धार के मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो ग्राम पंचायत जबरोल के लगभग 500 परिवारों के 1500 मतदाता विधानसभा चुनाव में मतदान नहीं करेंगे।
बैठक में खजानी देवी, मेमरी देवी, पार्वती देवी, बिजेंद्री, राजदेई, सुंदरी देवी, देवेंद्री देवी, राजकुमारी, सुबली, बिसंती देवी, पवित्री देवी, ज्वानी देवी, अम्ब्रा देवी और राजवती देवी सहित लगभग 200 महिलाएं मौजूद रहीं।
महिला ग्राम संगठन ने मंदिर के जीर्णोद्धार के मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए स्पष्ट किया कि उनकी मांग पूरी नहीं होने पर मतदान बहिष्कार का निर्णय लागू किया जाएगा।
नमो न्यूज | पुरोला, उत्तरकाशी

0 टिप्पणियाँ