चंदेली संकुल में सामाजिक विज्ञान महोत्सव का आयोजन, सात उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग

 

चंदेली संकुल में सामाजिक विज्ञान महोत्सव का आयोजन, सात उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग

पुरोला (उत्तरकाशी)। संकुल चंदेली में मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को संकुल समन्वयक संतोष राणा के नेतृत्व में सामाजिक विज्ञान महोत्सव 2026-27 का आयोजन किया गया। महोत्सव में संकुल के सात उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।


कार्यक्रम के दौरान भाषण प्रतियोगिता, मॉडल निर्माण प्रतियोगिता एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई। मॉडल प्रतियोगिता में यूपीएस सोनबड़ी के नैतिक कुमार ने बेहतर प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में चयनित तीन विद्यार्थी अब कल आयोजित होने वाली ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।

भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने समाज में विभिन्न विषयों की भूमिका तथा मोबाइल के लाभ और दुरुपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं मॉडल निर्माण प्रतियोगिता में जैविक खेती, अर्थव्यवस्था, स्मार्ट सिटी एवं जल संरक्षण जैसे विषयों पर आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए गए।

प्रतियोगिता के विषयों पर शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को सामाजिक विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने तथा रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में शिक्षक रघुवीर सिंह रावत, विजेन्द्र रावत, भूपेंद्र सिंह चौहान, श्रीमती निखा राणा सहित निर्णायक मंडल के हुकम सिंह राणा, रेखान लाल एवं संकुल समन्वयक संतोष राणा उपस्थित रहे।

महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सामाजिक, आर्थिक एवं पर्यावरणीय विषयों को समझने का अवसर मिला।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ