दीपावली के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, 15 प्रतिष्ठानों की जांच और 4 नमूने संग्रहित

दीपावली के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, 15 प्रतिष्ठानों की जांच और 4 नमूने संग्रहित


दीपावली पर्व पर आम जनमानस को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आज जिला मुख्यालय स्थित मुख्य बाजारों में औचक निरीक्षण किए। 



निरीक्षण के दौरान कुल 15 व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए विभाग ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 04 संदिग्ध नमूने मौके पर ही सील किए, जिनमें तेल के 02, गुड़ का 01 और मिठाई का 01 सैंपल शामिल है। इन सभी नमूनों को मानक परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिया गया है, जहां से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा दल ने बाजारों में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया एवं नमूने संकलित किए।


इस दौरान बाजार के आसपास संचालित रेस्टोरेंट्स और भोजनालयों का भी औचक निरीक्षण किया गया, जहां साफ-सफाई की स्थिति खराब मिलने पर संचालकों को स्वच्छता व्यवस्था बनाने की कड़ी चेतावनी दी गई। इसके साथ ही खुले में बाहर टंगे हुए चिकन को मौके पर ही नष्ट कराया गया। मिठाई विक्रेताओं को विशेष हिदायत दी गई कि वे अपनी दुकानों पर बिकने वाली मिठाइयों की ट्रे पर उनकी निर्माण तिथि और उपभोग की अंतिम तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करें, ताकि उपभोक्ताओं को सड़ी-गली या पुरानी सामग्री न बेची जा सके।


जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में आम जनता के स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन द्वारा यह छापेमारी अभियान  निरंतर जारी है। आज की कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षा अश्वनी कुमार सिंह समेत पूरी टीम सक्रिय रूप से उपस्थित रही।


जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले या नियमों की अनदेखी करने वाले को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा और पुष्टि होने पर उनके विरुद्ध दंडनात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ