उत्तरकाशी, 28 अक्टूबर 2026
राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक, समय से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश
जिला सभागार में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को 09 नवंबर को आयोजित होने वाले राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम तथा 09 से 13 नवंबर तक प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और कार्यक्रमों का आयोजन सुव्यवस्थित एवं गरिमामय रूप से पूर्ण हो।
इस दौरान जिलाधिकारी ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर स्वच्छता अभियान चलाने, गंगा घाटों एवं धाम क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित करने, विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाने, स्कूलों में खेलकूद, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने सहित विभिन्न गतिविधियों पर चर्चा की गई। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर स्थानीय संस्कृति, लोक कला, पारंपरिक वेशभूषा एवं स्थानीय व्यंजनों को बढ़ावा देने के साथ-साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित करने, किसानों को योजनाओं की जानकारी देने, युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग तथा जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सहायता एवं उपकरण उपलब्ध कराने से संबंधित गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को कार्यक्रमों के लिए आवश्यक संसाधन और अन्य व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस प्रदेश की विकास यात्रा और गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए सभी विभाग अपनी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करें और कार्यक्रमों में जनसहभागिता सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ